खरसावां के मधुसाई में अवैध चुलाई अड्डे पर उत्पाद विभाग का धावा, पांच हजार किलो जावा महुआ जब्त, 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद, अड्डा ध्वस्त;
kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह एवं अधीक्षक उत्पाद के आदेश के आलोक में गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम ने मधुसाई गांव में छापेमारी की। इस दौरान एक अवैध महुआ चुलाई अड्डे को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और चुलाई शराब बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 5000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की। बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। वहीं चुलाई अड्डे को ध्वस्त करते हुए संबंधित संचालक के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की ओर से जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी और कार्रवाई जारी रहेगी।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि अवैध रूप से निर्मित शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने आमजनों से अवैध शराब का सेवन नहीं करने तथा इसके निर्माण और बिक्री को बढ़ावा नहीं देने की अपील की।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की जानकारी मिलती है तो स्थानीय प्रशासन या उत्पाद विभाग को इसकी गुप्त सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में आमजनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
