खरसावां मे तेज रफ्तार बुलेट झाड़ी में घुसी, युवक घायल, कदमडीहा डीपासाई मार्ग पर हादसा, 40 फीट तक घिसटती गई बाइक
सिर में लगी चोट, दो टांके लगाए गए; घटना सीसीटीवी में कैद,
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र के कदमडीहा डीपासाई मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चालक गोरा सोय (23), पिता टानटु सोय, निवासी बोडासाई, खरसावां घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगी है। घटना का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गोरा सोय गुरुवार को दोपहर अपनी बुलेट बाइक से डीपासाई की ओर गए थे। करीब एक बजे वे डीपासाई से कदमडीहा मार्ग होते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कदमडीहा के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना जोरदार था कि बुलेट बाइक सड़क पर करीब 40 फीट तक घिसटती हुई चली गई और इसके बाद सड़क किनारे झाड़ी में जाकर फंस गई। दुर्घटना में गोरा सोय को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और घायल युवक को बाइक के पास से निकालकर उपचार के लिए स्थानीय नर्सिंग होम पहुंचाया।

नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के दौरान गोरा सोय के सिर में लगी चोट पर दो टांके लगाए गए। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। सीसीटीवी में कैद घटना के फुटेज से भी हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
