खरसावां के दीपासाईं में दो दिवसीय फुटबॉल
प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन 16 टीमों में होगा रोमांचक मुकाबला
फुटबॉल क्षेत्र की संस्कृति बन चुका है खेल-दिलदार,
Kharsawan
खरसावां के जय मां आकर्षिणी दीपासाईं के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार एवं ग्राम प्रधान शांम्भो रावत ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के मौके पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर दोनों अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

मौके पर मो दिलदार ने कहा कि फुटबॉल इस क्षेत्र में सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह यहां की संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह और जुनून लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है और उनमें खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए जय मां आकर्षिणी दीपासाईं के प्रयासों की सराहना की। साथ ही प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुनहरे भविष्य की कामना की। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन 16 टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। मैदान पर खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, जिससे मुकाबले रोमांचक बने रहे। प्रतियोगिता में सालुका एफसी जोजोडीह, टोटल टाइगर टाइम पास, चुरगुडीह एफसी, लाल सिंह बिरसा क्लब, नेहा एफसी, डीके स्पोर्टिंग, पास्कल एफसी, विकास एफसी और बिरसा क्लब कुचाई समेत कई टीमें भाग ले रही हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन शेष टीमों के बीच मुकाबले होंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगे के चरण में पहुंचेंगी।
