खरसावां के बडाकुडमा में 108 कलश यात्रा के
साथ माँ तारिणी की पारंपरिक श्रद्धा और विधि-विधान के साथ
पूजा-अर्चना संपन्न, भक्तिमय माहौल में उमडे श्रद्धालु,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के बडा कुडमा गांव में वर्ष 2005 से स्थापित श्री श्री माँ तारिणी सार्वजनिक पूजा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी जगत जननी एवं विपद हारिणी माँ तारिणी की पारंपरिक श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। यह आयोजन श्री भरत मिश्र के प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पूजा कार्यक्रम के तहत 21 जुलाई को सुबह 7 बजे तारिणी व्रत एवं चंडीपाठ का शुभारंभ हुआ। वहीं 22 जुलाई (बुधवार) को सुबह 8 बजे 108 कलश यात्रा के साथ भव्य चंडीपाठ पूजा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में आसपास के गांवों से आई बडी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर भाग लिया। पूरे मार्ग में जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक उत्साह से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने माँ तारिणी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। धार्मिक आयोजन ने पूरे बडा कुडमा और आसपास के क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर मिश्र परिवार की ओर से श्रद्धालुओं से माँ तारिणी मंदिर निर्माण कार्य में धनदान, श्रमदान एवं ज्ञानदान के माध्यम से यथाशक्ति सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही सभी से माँ का आशीर्वाद प्राप्त कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में पुजारी चक्रधर मिश्रा, बसंत मिश्रा, भरत मिश्रा, शिवचरण दास, प्रसुराम प्रधान, धनीराम मिश्रा, वाल्मीक प्रधान सहित बडी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
