खरसावां में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हिन्दू नव वर्ष, सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी,
Kharsawan
खरसावां नगर स्थित राजा श्रीराम चंद्र सिंहदेव सरस्वती शिशु मंदिर में गुरुवार को हिन्दू नव वर्ष (विक्रम संवत 2083) बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसने पूरे नगर का माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।

प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राएं अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट करते हुए हाथों में भगवा ध्वज लिए आगे बढ़ रहे थे। “हिन्दू नव वर्ष अमर रहे” और “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली के मार्ग में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह विद्यार्थियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आयोजित सभा में प्रधानाचार्या अनीता मंडल ने विद्यार्थियों को हिन्दू नव वर्ष के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति में नवजीवन का प्रतीक है। साथ ही विद्यार्थियों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यालय परिवार ने समाज में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक कैलेंडर के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक अधिवक्ता आशुतोष आचार्य सहित ममता कर, किस्तों महतो, आलोक दास, नीतू दिग्गी, वकील बारीक, काजल मंडल, प्रिया मोहंती, ममता राउत, सुमन साहू, बनवासी दास समेत सभी शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
