खरसावां में भारी बारिश से संजय और सोना नदियां
उफान पर, गोविंदपुर की पुरानी पुलिया से पांच फीट ऊपर बहा
पानी, खरसावां-सरायकेला मार्ग पर आवागमन बाधित,
kharsawan
खरसावां-कुचाई क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण संजय और सोना नदियां उफान पर हैं। मंगलवार को बारिश ने और तेज रफ्तार पकड़ ली, जिससे खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग स्थित गोविंदपुर की पुरानी पुलिया के ऊपर संजय नदी का पानी तेज बहाव के साथ बहने लगा। बताया जा रहा है कि पुलिया से करीब पांच फीट ऊपर पानी बह रहा है। इसके कारण खरसावां-सरायकेला मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। गोविंदपुर पुलिया के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। हालाकि नये पुल से पैदल, बाइक और छोटे वाहनों का आवागमन धीरे धीरे चल रहा है। लेकिन एप्रोच रोड का निर्माण पूरा नही हुआ है। पुरानी पुलिया के ऊपर पानी बहने से सरकारी और गैर सरकारी कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या में लोग जिला मुख्यालय नहीं पहुंच पा रहे है।

सोना नदी भी उफान पर
खरसावां की सोना नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। नदी का पानी खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है। जलस्तर बढ़ने से खरसावां-हुड़ंगदा मार्ग स्थित पुरानी पुलिया तक पानी पहुंच गया है। नदी-नालों के उफान पर होने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
कई इलाकों में घरों में घुसा पानी
लगातार बारिश से खरसावां प्रखंड के विभिन्न गांवों और कस्बाई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई स्थानों पर बारिश का पानी घरों में घुस गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। जगह-जगह सड़क पर पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
