खरसावां मे पत्नी संग पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भरा एसआईआर वोटर सत्यापन फॉर्म, बोले- मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी
kharsawan
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को अपनी पत्नी डॉ मीरा मुंडा के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने खरसावां विधानसभा क्षेत्र संख्या-57 के बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय, खेलाडीसाई स्थित बूथ संख्या-172 पर बीएलओ के समक्ष एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी की। डॉ. मीरा मुंडा ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि “मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना और उसमें आवश्यक सुधार कराना हर नागरिक का कर्तव्य है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही जानकारी के साथ निर्धारित प्रपत्र भरें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और अन्य पात्र मतदाताओं को भी एसआईआर अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं डॉ. मीरा मुंडा ने वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस मौके पर बीडीओ प्रधान माझी, सीओ कप्तान सिंकू, सुपरवाइजर प्रमेन्द्र कुमार पति, बीएलओ उषा रानी महतो, डीएसए सचिव मो. दिलदार, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव सुमंत मोहंती, छऊ गुरु तपन पटनायक, विजय महतो, उदय सिंहदेव, प्रभाकर मंडल, हेमंत मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
