आदित्यपुर में 31 जुलाई तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करें, उपायुक्त ने जताई नाराजगी
Seraikella
सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने रविवार को समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर एवं नगर परिषद कपाली क्षेत्र में संचालित विभिन्न पेयजलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जुडको (JUDCO), जिंदल और शापूरजी पालनजी सहित संबंधित कार्यदायी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति, पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति नेटवर्क और अधूरे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आदित्यपुर-2 स्थित सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने 15 जुलाई तक जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन समयसीमा का पालन नहीं होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त ने योजनाओं में आ रही तकनीकी, भूमि संबंधी एवं अन्य बाधाओं की जानकारी लेकर संबंधित एजेंसियों को सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने जुडको, जिंदल एवं शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 जुलाई 2026 तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर घर-घर नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा का दोबारा उल्लंघन या अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर परिषद कपाली क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति नेटवर्क विस्तार एवं अन्य अधूरे कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि सभी लाभुकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि पेयजल परियोजनाएं आम जनता की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी हैं। इसलिए सभी कार्यदायी एजेंसियां गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करें तथा संबंधित विभाग नियमित निगरानी कर बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर आयुक्त अज़ाज़ अनवर, जुडको, जिंदल एवं शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
