रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा डीजे, दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
Seraikella
सरायकेला। दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में डीजे के संचालन को लेकर विशेष रूप से दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजेगा। पूजा समितियों को निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा का पालन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति अथवा अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़, जुलूस एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया गया। समितियों से जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और नियमों का पालन करने की अपील की गई।
अधिकारियों ने पूजा समितियों एवं आम लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
