*मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा BLA-1 के साथ की बैठक…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ, 13 जुलाई, 2026।
समाहरणालय सभागार में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 कार्यक्रम के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा BLA-1 के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं अधिक विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि दिनांक 14 जुलाई, 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान BLA-2, संबंधित BLO के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करेंगे। संयुक्त रूप से ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची का सत्यापन एवं मिलान किया जाएगा, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी BLA-1 से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय रखते हुए संबंधित BLO के साथ निरंतर समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। सभी हितधारकों के सहयोग से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्ययोजना, मतदान केंद्रवार सत्यापन, ASDD सूची के सत्यापन, समयबद्ध क्रियान्वयन, दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं BLA-1 से अपील की गई कि वे अपने-अपने BLA-2 के माध्यम से संबंधित BLO के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री जयवर्धन कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), 51-सरायकेला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त एवं पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
