जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने SIR-2026 को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न…* *प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति एवं सत्यापन प्रक्रिया की दी गई जानकारी…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संदर्भ में आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में NIC सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित SIR-2026 कार्यक्रम एवं प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में जानकारी दी गई। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।
बैठक में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक संचालित गणना चरण में जिले के कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र (Enumeration Form-EF) प्रस्तुत किया गया, जिसे Digitize किया गया है। कुल 1,24,576 गणना प्रपत्र ऐसे हैं, जिन्हें एकीकृत नहीं किया जा सका। इनमें D-Duplicate के 9,088, D-Death के 26,242, S-Shifted के 39,431, A-Absent के 45,417 तथा F-Foreigners & Others के 4,398 मामले शामिल हैं।
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज हैं। इनमें इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 62,129, सरायकेला में 1,12,156 तथा खरसावां में 60,147 मामले शामिल हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने की जानकारी दी गई। प्रपत्र-6, 6A, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, विलोपन एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि SIR-2026 की प्रक्रिया के बेहतर क्रियान्वयन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण में बूथ लेवल एजेंट (BLA)-2 की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय रूप से अभियान में सहभागी बनाने तथा प्रारूप मतदाता सूची एवं संबंधित सूचियों का सूक्ष्मता से अवलोकन कर आवश्यक दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से न छूटे तथा कोई भी अयोग्य नाम मतदाता सूची में न जुड़े, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन तंत्र, राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों से एकजुट होकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्याधारित तरीके से कार्य करने का अनुरोध किया, ताकि SIR-2026 की प्रक्रिया बेहतर ढंग से संपन्न हो और शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
इसके अतिरिक्त 15 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक ग्राम पंचायत भवनों एवं शहरी क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर विशेष कार्यक्रम तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को द्वितीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक Home to Roll Verification कार्यक्रम निर्धारित है।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावां विधानसभा-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री जयवर्धन कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
