खरसावां सीएचसी में जांच के दौरान मिली खामियां, एसडीओ ने दिया दो दिन का समय, दस लाख के आवंटन में गड़बड़ी की शिकायत पर हुई जांच, सोमवार को फिर होगी रजिस्टरों की जांच, शिकायतकर्ता को भी किया जाएगा तलब
Kharsawan
खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वित्तीय अनियमितता की शिकायत के बाद शनिवार को सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने निरीक्षण कर विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान कुछ स्टॉक रजिस्टरों का सही तरीके से संधारण नहीं किए जाने की बात सामने आई है। एसडीओ ने संबंधित कर्मियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो दिनों का समय दिया है। एसडीओ अभिनव प्रकाश ने बताया कि जिला उपायुक्त को शिकायत मिली थी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां को 10 लाख रुपये, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिभंजा को 5 लाख रुपये तथा सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों को 2-2 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। इस राशि के उपयोग में गड़बड़ी की शिकायत के बाद उपायुक्त के स्तर से जांच कमेटी गठित की गई थी। शनिवार को जांच टीम के साथ पहुंचे एसडीओ ने संबंधित दस्तावेजों और रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुछ स्टॉक रजिस्टरों का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया। संबंधित लोगों को आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर दुरुस्त करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है।

सोमवार को दोबारा होगी जांच
सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि सोमवार को फिर से सभी संबंधित रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही जिस व्यक्ति की ओर से शिकायत की गई है, उसे भी नोटिस जारी कर जांच के लिए बुलाया जाएगा। शिकायत और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों का मिलान करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच की प्रक्रिया चल रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
