मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छऊ महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण
Seraikella
रांची/सरायकेला-खरसावां। झारखंड मंत्रालय में शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को सरायकेला में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव-2026 में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
बताया गया कि यह महोत्सव 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक छऊ नृत्य की विभिन्न प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने महोत्सव की तैयारियों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि स्थानीय कला और संस्कृति को व्यापक मंच मिल सके।
मुख्यमंत्री ने आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम राज्य की समृद्ध परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गौरतलब है कि सरायकेला का छऊ महोत्सव राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं।
