सरायकेला-खरसावां में रक्तदान शिविरों का होगा आयोजन, सभी प्रखंडों में तिथियाँ निर्धारित, खरसावां मे 29 अप्रैल को होगा रक्तदान शिविर
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां: जिले में रक्त की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा आदेश जारी कर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग प्रखंडों में अप्रैल और मई 2026 के दौरान शिविर आयोजित होंगे। इनमें प्रमुख रूप से चांडिल, गम्हरिया, ईचागढ़ रक्तदान शिविर का आयोजन हो चुका है। जबकि आगामी 29 अप्रैल को खरसावां मे, 6 मई को कुचाई मे, 13 मई को नीमडीह मे, 20 मई को राजनगर मे तथा अंतिम शिविर 28 मई 2026 को जिला मुख्यालय सरायकेला में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। साथ ही, लोगों को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।