खरसावां में अमीन प्रशिक्षण शुरू, 250 युवक-युवतियां ले रहे प्रशिक्षण, दो माह तक प्रत्येक रविवार को चलेगा प्रशिक्षण,
Kharsawan
खरसावां अंचल अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में पंचायत सचिवालय सभागार में रविवार से भू-मापक (अमीन) सर्वेक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। प्रशिक्षण के पहले दिन करीब 250 पुरुष एवं महिला प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन नवभारत निर्माण संस्थान द्वारा किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण दो माह तक चलेगा और प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
नवभारत निर्माण संस्थान के प्रशिक्षक आनंद कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जमीन की मापी, जरीब एवं कंपास का उपयोग, नक्शा तैयार करना, आधुनिक सर्वेक्षण तकनीक तथा भू-मापन से जुड़े व्यावहारिक कार्यों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरी तरह प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) आधारित है, जिससे प्रशिक्षु भविष्य में सरकारी एवं निजी संस्थानों में अमीन एवं सर्वेक्षण कार्य से जुड़कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। अंचल कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। प्रशिक्षण में खरसावां सहित आसपास के क्षेत्रों से आए युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं। पंचायत सचिवालय सभागार में प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रशिक्षक ने बताया कि झारखंड के विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में अमीन प्रशिक्षण की अच्छी मांग है। ऐसे अल्पकालिक प्रशिक्षण युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
