पांच साल से अधिक समय से ड्यूटी से गायब शिक्षक की सेवा समाप्त
अनधिकृत अनुपस्थिति और विभागीय निर्देशों की अवहेलना पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई
Seraikella
प्राथमिक विद्यालय कुनामार्चा, सरायकेला के सहायक शिक्षक राजेश रोशन हेम्ब्रम की लंबे समय से अनधिकृत अनुपस्थिति के मामले में विभागीय कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला शिक्षा स्थापना समिति नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने उनकी सेवा समाप्ति संबंधी पत्र निर्गत कर दिया है।
विभागीय जांच में सामने आया कि शिक्षक राजेश रोशन हेम्ब्रम 1 मार्च 2020 से लगातार विद्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की उपस्थिति पंजी में भी हस्ताक्षर नहीं किया। जांच में यह भी पाया गया कि निलंबन अवधि में कार्यालय में योगदान करने के लिए जारी निर्देशों का उन्होंने अनुपालन नहीं किया और निर्धारित मुख्यालय में भी योगदान नहीं दिया।
स्पष्टीकरण और चिकित्सकीय दस्तावेज भी नहीं माने गए संतोषजनक
विभाग की ओर से संबंधित शिक्षक को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त अवसर दिया गया था। शिक्षक द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण और चिकित्सकीय दस्तावेजों की समीक्षा के बाद विभाग ने उसे साक्ष्यविहीन और असंतोषजनक पाया। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बिना पांच वर्ष से अधिक समय तक लगातार कर्तव्य से अनुपस्थित रहने को विभाग ने गंभीर अनुशासनहीनता और कदाचार माना।
जिला शिक्षा स्थापना समिति के निर्णय के बाद पत्र जारी
शिक्षा विभाग के अनुसार झारखंड सेवा संहिता के नियम 76 तथा झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा स्थापना समिति की 16 सितंबर 2026 को हुई बैठक में संबंधित शिक्षक की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया। समिति के निर्णय के अनुपालन में शिक्षा विभाग द्वारा सेवा समाप्ति संबंधी पत्र जारी कर दिया गया है।