कुचाई के सुदूरवर्ती कोमाय में जनता दरबार, समस्याओं से रू-ब-रू हुए विधायक व उपायुक्त, जगी विकास की उम्मीद
Kuchai
कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र स्थित रोलाहातु पंचायत के प्राथमिक विद्यालय, कोमाय में खरसावां विधायक दशरथ गागराई और सरायकेला-खरसावां जिला उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

जनता दरबार में रोलाहातु पंचायत के 14 मौजा क्षेत्र से आए ग्रामीणों की सड़क, शिक्षा, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। विधायक और उपायुक्त के पहुंचने से ग्रामीणों में विकास की नई उम्मीद जगी। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प भी लिया गया।
ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि कई गांव आज भी सड़क, बिजली और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। पहाड़ी और कच्चे रास्तों के कारण आवागमन बेहद कठिन है, जिससे बीमारों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति अनियमित है और पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी असंतोष देखा गया।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन लिए गए। साथ ही स्कूली बच्चों के बीच साइकिल वितरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाभ वितरण किया गया। 11 स्वयं सहायता समूहों को 11 लाख रुपये का चेक भी दिया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई।

सुदूरवर्ती क्षेत्रों का विकास प्राथमिकता – गागराई
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन और उनकी विधायक निधि के सहयोग से रोलाहातु पंचायत के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर करने और जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
सड़क और पेयजल की समस्या सबसे ज्यादा – उपायुक्त
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त समस्याओं में सड़क और पेयजल से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक रहीं। कई मामलों का मौके पर निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी है, जिसे तेज करने की आवश्यकता है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यों में तेजी लाकर जल्द राहत पहुंचाई जाए। प्रशासन की प्राथमिकता दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एडीसी जसवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, बीडीओ साधु चरण देवगम, समाजसेवी बासंती गागराई, बीईईओ संजय कुमार जोशी, जिला परिषद सदस्य झिग्गी हेम्ब्रम, मुखिया करम सिंह मुंडा, सतारी सांगा, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, मुन्ना सोय, राहुल सोय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
