गम्हरिया हाट-बाजार में मल्टीस्टोरीज मार्केट कॉम्प्लेक्स का होगा निर्माण
-सांसद जोबा माझी ने सीओ, नगर निगम के साथ बैठक में बाजार समिति को दिया हाट बाजार की जमीन स्थानांतरण का आदेश
Gamharia
गम्हरिया: गम्हरिया हाट-बाजार में मल्टीस्टोरीज मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। सड़क अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के दिन बहुरेंगे। उन्हें मार्केट कॉम्प्लेक्स में पुनर्वास किया जाएगा। हाट-बाजार प्रांगण को तत्काल दुरुस्त कर सर्विस रोड के दुकानदारों को बसाया जाएगा। हाट बाजार समेत आदित्यपुर से गम्हरिया तक की कई प्रमुख समस्याओं को लेकर सांसद जोबा मांझी की अध्यक्षता में अंचल कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त रवि प्रकाश, सीओ प्रवीण कुमार, कृषि उत्पादन बाजार समिति की पिंकी मुर्मू, सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी समेत झामुमो के वरिष्ठ नेता सह सांसद प्रतिनिधि केपी सोरेन, केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, डब्बा सोरेन, बीटी दास समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

-व्यवस्थित तरीके से दुकानदारों को बसाएं
जोबा माझी ने बैठक में अधिकारियों को निदेश दिया कि आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले लोगों को व्यवस्थित तरीके से बसाने की दिशा में प्रयास करें। कहा कि इसके लिए जल्द ही बहुमंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में पहल शुरू की जाएगी। बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से जलापूर्ति योजना, अबुआ आवास, वन पट्टा समेत अन्य योजनाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी की आजीविका छीनना नहीं, बल्कि फुटपाथी दुकानदारों को स्थायी और बेहतर व्यापारिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
-बैठक में हुआ मल्टी स्टोरीज मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का निर्णय
बैठक में बताया गया कि गम्हरिया हाट बाजार की कुल 1 एकड़ 68 डिसमिल जमीन पर मल्टी स्टोरीज मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर सभी पंजीकृत दुकानदारों को नियम एवं प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले उक्त जमीन को कृषि उत्पादन बाजार समिति से आदित्यपुर नगर निगम के नाम स्थानांतरित की जाएगी। बैठक में बताया गया कि स्थानांतरित होने के एक माह के भीतर मार्केट निर्माण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सोमवार से हाट बाजार का सर्वे कर सर्विस रोड के दुकानदारों को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया अपनायी जाएगी। इसके लिए बाजार समिति को ग्राउंड रेंट वसूल कर सर्विस रोड में हरगिज दुकान नहीं बसाने का निर्देश दिया गया है।
-तीन वेंडर जोन में 2 सौ दुकानदारों का होगा पुनर्वास
बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त रवि प्रकाश ने सांसद को बताया कि आदित्यपुर के आशियाना, चुना भट्ठा एवं दिन्दली में तीन वेंडर जोन की आधारशिला शीघ्र रखी जाएगी। इसमें दिन्दली में करीब 3 करोड़ की लागत से बनने वाली वेंडर जोन में 160 वेंडर, आशियाना में 78 .61 लाख की लागत से बनने वाली वेंडर जोन में 20 वेंडर एवं चुना भट्ठा में 56.66 लाख की लागत से बनने वाली वेंडर जोन में 10 वेंडरों का पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग़म्हरिया हाट बाजार की समस्या को शीघ्र दूर कर दुकानदारों को प्रांगण में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
