कुचाई के छोटाबांडी में पत्ता प्लेट निर्माण इकाई का
शुभारंभ, महिलाओं के सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा, महिलाएं
पत्ता प्लेट बनाकर हो रहीं आत्मनिर्भर-सोनाराम बोदरा,
Kuchai
कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र स्थित छोटाबांडी गांव में आज पत्ता प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन सरायकेला खरसावां जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा फीता काटकर कर किया। कंडाबुरू महिला स्वःसहायता समूह छोटाबांडी के द्वारा इस केन्द्र का संचालन किया जाएगा।

मौके पर श्री बोदरा ने महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी माता-बहनों को संबोधित करते हुए उनके आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होने कहा कि पत्ता प्लेट निर्माण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का एक प्रभावी साधन बन गया है। यह लघु उधोग, विशेषकर स्वंय सहायता समूहो के माध्यम से महिलाओं को घर बैठे रोजगार प्रदान कर रहा है। श्री बोदरा ने कहा कि इस तरह की पहलें ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आगे कहा कि पत्ता प्लेट निर्माण जैसी इकाइयां न केवल रोजगार के अवसर प्रदान करती हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाती हैं। सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी इस पहल पर खुशी जताई और इसे अपने जीवन में बदलाव लाने वाला कदम बताया। अंत में सभी बहनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान मुख्य रूप से जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, मुखिया लुदरी हेम्ब्रम, संगीता लोबादा, साबित्री जिजुई, विष्कंट प्रधान सहित कंडाबुरू महिला स्वःसहायता समूह के सदस्य व ग्रामीण उपस्थित थे।
