खूंटपानी में 992 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल, विधायक ने 436 विद्यार्थियों मे बाटे साईकिल, बच्चे मन लगाकर पढे, यही झारखंड सरकार की सोच है-गागराई
khutpani
झारखंड सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में खूंटपानी प्रखंड के कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष प्रखंड में कुल 992 विद्यार्थियों को साइकिल देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुसार 509 बालकों एवं 483 बालिकाओं को योजना का लाभ मिलना है। अब तक 450 साइकिलों की फिटिंग पूरी की जा चुकी है, जिनमें 200 बालकों और 250 बालिकाओं की साइकिलें शामिल हैं।

शुक्रवार को खूंटपानी के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय पूरूणिया मे खरसावां विधायक दशरथ गागराई, प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के द्वारा विभिन्न विद्यालयों के कुल 436 विद्यार्थियों को साइकिलें का वितरण किया गया। इनमें 198 बालक तथा 238 बालिकाएं शामिल हैं। शेष विद्यार्थियों के बीच भी जल्द साइकिल वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौके पर श्री गागराई ने कहा कि राज्य सरकार में विकास की गंगा बह रही है. लगातार क्षेत्रवासियों को सीधे तौर पर लाभ देने का काम किया जा रहा है। साइकिल मिलने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब आने-जाने में कोई परेशानी नहीं उठानी होगी।

बच्चे मन लगाकर पढ़ें, यही झारखंड सरकार की सोच है। इससे बच्चे उत्साहित होंगे तथा शिक्षण कार्य में सुधार होगा। ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या में कमी आएगी एवं नियमित रूप से विद्यालय आने को प्रेरित होंगे। वहीं छात्र-छात्राओं को शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बीईईओ कार्यालय की सूची के अनुसार विभिन्न मध्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर साइकिलों का आवंटन किया गया है। सूची में मिडिल स्कूल पुरुनिया, पीएम श्री यूएचएस भोया, यूएचएस केयाडचालाम, यूएमएस पंड्रासाली, यूएमएस चुरुयू, यूएमएस गलुबासा, यूएमएस अंकोलकुटी, यूएमएस बाचोमहातु, यूपीजी एमएस सोनरो, एएमएस खूंटपानी, एमएस लोटा आदर्श, यूएमएस रंगरुई तथा यूएमएस बड़ागुंटिया सहित कुल 13 विद्यालय शामिल हैं।
