ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, 16.50 लाख की खेप बरामद
Seraikella
सरायकेला-खरसावां पुलिस ने जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने गुरूवार को प्रेस वार्ता में बताया कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 82.80 ग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी इम्तियाज खान के मकान में किराए पर रह रहे थे। वहीं महाराज अली के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक और फिंगरप्रिंटिंग प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
