खरसावां के शिमला में संदिग्ध परिस्थिति में मिला 20 वर्षीय युवक का शव, तीन साल पहले बड़े भाई की भी हुई थी मौत, सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से बढ़ा संदेह, पुलिस दुर्घटना मानकर कर रही जांच; परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग स्थित शिमला गांव में गुरुवार शाम एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सागर कैवत के रूप में हुई है। उसके सिर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को सड़क दुर्घटना से जोड़कर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने घटना के पीछे किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच सागर गांव की पगडंडी पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी हुई थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना ने परिवार के पुराने जख्मों को भी ताजा कर दिया है। मृतक के भाई सोहन कैवत के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले सागर के बड़े भाई तपन कैवत की भी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई थी। उस समय उसका शव सीनी में मिला था। अब छोटे भाई सागर की भी इसी तरह संदिग्ध हालात में मौत होने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
परिजनों का कहना है कि दोनों भाइयों की मौत की परिस्थितियों में समानता होने के कारण मामले को केवल दुर्घटना मानकर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक के सिर पर लगी चोट कैसे और किन परिस्थितियों में आई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
