खरसावां में पारंपरिक ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित,
पारंपरिक ग्राम व्यवस्था झारखंड की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक
पहचान और स्वशासन की सदियों पुरानी विरासत-बीडीओ,
Kharsawan
झारखंड की समृद्ध आदिवासी-मूलवासी संस्कृति, पारंपरिक ग्राम व्यवस्था और स्वशासन की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से रविवार को खरसावां प्रखंड सभागार में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार आयोजित इस समारोह में पारंपरिक ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सभा के प्रधानों को पौधा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन खरसावां प्रमुख मनेन्द्र जामुदा, खरसावां प्रखंड बिकास पदाधिकारी प्रधान मांझी, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष दुर्याेधन प्रधान, जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, इतिहास, संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा हुई। मौके पर श्री मांझी ने कहा कि झारखंड की पारंपरिक ग्राम स्वशासन व्यवस्था केवल प्रशासनिक संचालन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, सामुदायिक निर्णय, सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक जिम्मेदारी की सदियों पुरानी परंपरा है। आदिवासी-मूलवासी समाज में गांव केवल निवास का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक जीवन की मूल इकाई रहा है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ग्राम प्रधान और अन्य पदाधिकारी सामाजिक अनुशासन बनाए रखने, आपसी विवादों का समाधान करने, रीति-रिवाजों एवं परंपराओं को जीवित रखने तथा सामुदायिक हितों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं। अंग्रेजी शासन से पहले भी झारखंड के आदिवासी एवं मूलवासी समाज में अपनी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था प्रचलित थी। ग्राम स्तर पर सामाजिक निर्णय लेने, परंपराओं का निर्वहन करने और सामूहिक समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी इन्हीं पारंपरिक पदाधिकारियों के पास होती थी। जबकि श्री सिंकू ने कहा कि वर्तमान समय में भी पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना केवल व्यक्तियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि झारखंड की ऐतिहासिक विरासत, पूर्वजों की परंपरा और सामुदायिक स्वशासन की भावना का सम्मान है। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक व्यवस्था, सामाजिक मूल्यों, संस्कृति और इतिहास से परिचित कराने के साथ इन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। मौके पर अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, प्रखंड प्रमुख मनिंद्र जमुदा, पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष दुर्याेधन प्रधान, उपाध्यक्ष राजेश कुमार महतो, हिमांशु प्रधान, संघ के संरक्षक राणा सिंहदेव, महासचिव प्रबीर प्रताप सिंहदेव, शम्बो राउत, अनिल मोहंती समेत बड़ी संख्या में पारंपरिक ग्राम प्रधान उपस्थित थे।
