कांड्रा में अवैध महुआ शराब निर्माण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 250 किलो जावा महुआ नष्ट
Kandra
सरायकेला-खरसावां, 30 मई: कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलडीहा पंचायत के नदी किनारे नया घाट एवं नया पुलिया के समीप अवैध देसी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा शनिवार सुबह छापेमारी अभियान चलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुबह लगभग 5:30 से 6:00 बजे के बीच पुनी सिंह, थाना प्रभारी कांड्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उक्त क्षेत्र में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 250 किलोग्राम जावा महुआ तथा दो मिट्टी के भट्ठों को नष्ट कर दिया गया।

छापेमारी दल में थाना प्रभारी कांड्रा, एएसआई रामदयाल उरांव एवं कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
