खरसावां में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो भट्ठियां ध्वस्त, 500 किलो जावा महुआ नष्ट, अवैध शराब कारोबारियों में मंचा हड़कंप,
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरजूडीह गांव के समीप जंगल में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में रविवार को पुलिस टीम ने छापामारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित कर तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने मौके से लगभग 500 किलोग्राम अवैध जावा महुआ भी बरामद किया, जिसे वहीं नष्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, इस जावा महुआ का उपयोग शराब निर्माण के लिए किया जाना था। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और कानून व्यवस्था मजबूत होगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
