खरसावां के कोतवालवादी में अज्ञात बदमाशों ने
घर के आंगन में खडी 12 दिन पहले खरीदी गई नई डिओ
स्कूटी पर लगाई आग, स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक,
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोतवालवादी गंाव में सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर के आंगन में खड़ी एक नई होंडा डिओ स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। घटना में स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। स्कूटी के मालिक लालमोहन पड़िया ने बताया कि विगत 18 मार्च-2026 को परिवार की जरूरत के लिए सरायकेला स्थित होंडा शोरूम से 125 सीसी डियो कंपनी की नई स्कूटी करीब 1.20 लाख रुपये में खरीदी थी।

स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ था। उन्होने बताया कि सोमवार की शाम स्कूटी घर के आंगन में खड़ी थी। जबकि परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे अज्ञात लोगों ने स्कूटी में आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी स्कूटी जलकर राख हो गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। घटना की सूचना मिलने पर लालमोहन पड़िया सरायकेला से वापस लौटे और देखा कि नई स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। सूचना पाकर खरसावां के जोजोडीह मुखिया मंगल सिंह जामुदा और चौकीदार पंकज साहू समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार द्वारा मामले की जानकारी खरसावां पुलिस को दी गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अज्ञात बदमाशों की इस हरकत से आक्रोशित हैं। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही।
