छठ घाटों के डेंजर जोन में होगी बैरिकेडिंग, सुरक्षा के लिए तैनात रहेगी पुलिस, एसपी मनोज स्वर्गियारी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, महिला सुरक्षा और लंबित मामलों की हुई समीक्षा
Seraikella
सरायकेला। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी की अध्यक्षता में गुरुवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से छठ घाटों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों पर डेंजर जोन चिह्नित किए गए हैं, वहां अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग कराई जाए। साथ ही खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी संबंधी नोटिस और सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालु पहले से सतर्क रहें। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया जाएगा।
बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अनुसंधान की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता के साथ काम करने का निर्देश दिया।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर एसपी ने थाना प्रभारियों को विशेष रूप से संवेदनशील रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही महिला शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाने में रखने और उनके साथ व्यवहार करने के दौरान निर्धारित नियमों एवं कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करने को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बैठक में डायन-बिसाही से जुड़ी घटनाओं पर भी चर्चा हुई। एसपी ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सिविल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
