*मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक एवं चुनावी पाठशाला का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने किया निरीक्षण…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ, 14 जुलाई, 2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने 57-खरसावाँ (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुड़िया स्थित मतदान केंद्र संख्या-244 एवं 245 का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप आज जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ASDD (Absentee, Shifted, Dead & Duplicate) सूची निर्माण एवं मतदाता सत्यापन कार्य की समीक्षा के साथ-साथ मतदाताओं एवं भावी मतदाताओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चुनावी पाठशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) द्वारा भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 के साथ संचालित कार्यों, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदाता सूची के सत्यापन तथा ASDD (Absentee, Shifted, Dead & Duplicate) सूची निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि ASDD सूची का निर्माण घर-घर सत्यापन के आधार पर पूरी पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ किया जाए। यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ।
निरीक्षण के क्रम में मतदान केंद्र पर आयोजित चुनावी पाठशाला का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदाता पहचान पत्र बनवाने की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके एवं आगामी अवधि में पात्र होने वाले युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ, 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, एईआरओ-सह-अंचल अधिकारी, सरायकेला श्री अमित श्रीवास्तव, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ तथा बीएलए-2 सदस्य उपस्थित रहे।
