गुदड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग पर सदन में मुखर हुए विधायक जगत माझी–
मंत्री इरफान अंसारी की रिपोर्ट से असहमत हुए विधायक ने जमीनी हकीकत से अवगत कराया तो मंत्री ने कहा थोड़ा समय दें, चिकित्सक-एएनएम बहाली के बाद सीएचसी की स्वीकृति दे देंगे
Sonuva
सोनुवा : मनोहरपुर विस क्षेत्र अन्तर्गत गुदड़ी प्रखंड में स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधायक जगत माझी ने मुखर होकर गैर संकल्प के माध्यम ये सरकार से वहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। बुधवार को विधायक ने सदन में कहा कि गुदड़ी को अलग प्रखंड बने पंद्रह साल से अधिक समय हो चुका है। लेकिन वहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पायी है। विधायक की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी गुदड़ी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्र का हवाला देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग को खारिज कर रहे थे। जिस पर विधायक ने मंत्री को वहां की जमीनी हकीकत से अवगत कराया और बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में कोई डाक्टर या स्टाफ नहीं रहता है। गुदड़ी के ग्रामीणों को इलाज के लिए 40 से 50 किमी की दूरी तय कर सोनुवा या गोइलकेरा जाना पड़ता है। विधायक ने सदन में कहा गुदड़ी को अलग प्रखंड होने के नाते मौलिक सुविधाएं तो मिलनी चाहिए, दूसरे प्रखंड पर निर्भर क्यों रहे। मंत्री ने नियम का हवाला देते हुए कहा कि 80 हजार से अधिक की जनसंख्या पर ही सीएचसी की स्वीकृति प्रदान की जाती है। लेकिन विधायक जगत माझी अपनी मांग पर अड़े रहे और इसी वित्तीय वर्ष गुदड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सृजन की स्वीकृति देने की मांग मंत्री से की। इस पर मंत्री ने आश्वस्त किया थोड़ा समय दें, बहुत जल्द राज्य में बड़े पैमाने पर डाक्टर और एएनएम-जीएनएम की बहाली करने जा रहे है। इसके बाद गुदड़ी में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठायेंगे और टीम भेजकर जांच करवा लेंगे। जरूरत पड़ी तो गुदड़ी में जरूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराएंगे।
