जिला फुटबॉल सुपर लीग मैच मे मातकमडीह ने सीनी को 5-1 से रौंदा, सुपर लीग में दर्ज की पहली जीत,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग अर्जुना-कप 2026 के तहत गुरुवार को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में एसएफए मातकमडीह और सुमित एफसी सीनी के बीच मुकाबला खेला गया। एकतरफा मुकाबले में एसएफए मातकमडीह ने सुमित एफसी सीनी को 5-1 से पराजित कर सुपर लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की।

मातकमडीह की टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में लगातार तीन गोल दागकर टीम ने सीनी पर दबाव बना दिया। मैच का पहला गोल सुखराम सोरेन ने किया। इसके बाद डी-एरिया में मिले पेनाल्टी किक को विश्वनाथ सिंह सरदार ने गोल में बदलकर बढ़त 2-0 कर दी। मलखान सिंह सरदार ने शानदार गोल दागते हुए पहले हाफ में अपनी टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भी मातकमडीह का दबदबा जारी रहा। सुखराम सोरेन ने अपना दूसरा गोल दागा, जबकि भीम ने भी गोल कर टीम की बढ़त और मजबूत कर दी। सुमित एफसी सीनी की ओर से एक गोल किया गया, लेकिन मातकमडीह ने 5-1 की बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए शानदार जीत हासिल की।
मुकाबले में मातकमडीह के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ टीम ने सुपर लीग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
अगला मुकाबला 14 अगस्त को
जिला फुटबॉल सुपर लीग का अगला मुकाबला शुक्रवार, 14 अगस्त को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में खेला जाएगा। इसमें बीपीएस हाथीटांड़ का सामना बीएमसी प्रधानगोडा से होगा।
