सोनाहातु गूंज परिवार की ओर से एक हजार 70 कंबल का वितरण : बढ़ती ठंड के बीच जरूरतमंदों को मिला सहारा,
Sonahatu
सोनाहातू :- प्रखण्ड के रांगाडीह मोड़ के मैदान में बुधवार को गूंज परिवार के तत्वावधान में आयोजित सेवा -सम्मान के तहत् कंबल वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गूंज परिवार के संरक्षक सह झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो उपस्थित थे।।लगातार बढ़ रही ठंड के बीच असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए गूंज परिवार की ओर से बड़े पैमाने पर कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम के तहत करीब 1070 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, साथ ही महिलाओं को ठंड से बचाव के लिए ऊनी कपड़े भी दिए गए।

आदिवासी और महादलित परिवारों को मिली राहत
कंबल वितरण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के आदिवासी समुदाय,महादलित समाज और अन्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।कंबल मिलते ही लोगों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि कड़ाके की ठंड में इस तरह की मदद उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
मौके पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है यहां रहने वाले अधिकतर लोग मजदूरी और छोटे-मोटे कामों पर निर्भर हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर बनी रहती है।उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में ठंड के मौसम में कंबल और ऊनी कपड़े गरीब परिवारों के लिए बेहद जरूरी हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कई वर्षों से हर साल ठंड के मौसम में असहाय,गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया जाता रहा है। आगे भी यह सेवा लगातार जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना हर सक्षम व्यक्ति का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से जरूरतमंदों को तात्कालिक राहत मिलती है,साथ ही समाज में सहयोग,संवेदनशीलता और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। मौके पर गूंज परिवार के संयोजक जयपाल सिंह, अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिप अध्यक्ष सुकरा मुण्डा,संजय महतो, सुशील महतो,विकास महतो,श्याम कुमार महतो, सुषेण प्रमाणिक, दिलीप महतो, रूपकुमार साहु आदि उपस्थित थे।
