सरायकेला सदर अस्पताल में मरीजों से कथित रूप से पैसों की अवैध वसूली को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ ने कड़ा रुख अपनाया, संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पवन कवि ने अस्पताल उपाधीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग,
Seraikella
सरायकेला सदर अस्पताल में मरीजों से कथित रूप से पैसों की अवैध वसूली को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पवन कवि ने इस संबंध में अस्पताल उपाधीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। पवन कवि ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें लंबे समय से सदर अस्पताल में पैसों के खेल की सूचनाएं मिल रही थीं, लेकिन लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण कार्रवाई करने में असुविधा हो रही थी। अब आम लोगों द्वारा लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से अस्पताल प्रशासन को अवगत कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्भवती महिलाओं की सीजर डिलीवरी के लिए सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध होने के बावजूद सदर अस्पताल में सीजर नहीं किया जाता था। लगभग पांच वर्ष पूर्व इस गंभीर विषय पर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से शिकायत कर उन्होंने यहां सीजर सेवा शुरू करवाई थी, ताकि गरीब और असहाय लोगों को इसका लाभ मिल सके। हालांकि, पवन कवि का कहना है कि वर्तमान में इस सुविधा का लाभ जरूरतमंद मरीजों को नहीं मिल पा रही है।
