18 वर्ष के विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण बनेगा प्राथमिकता
स्कूल-कॉलेजों में ELC के गठन व संचालन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को जिला स्तर पर किया जाएगा सम्मानित
Seraikella
सरायकेला। विद्यालय एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए Electoral Literacy Club (ELC) को सक्रिय किया जाएगा। मंगलवार को NIC सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में ELC के गठन, संचालन एवं गतिविधियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्धारित प्रावधान के अनुसार ELC के गठन या पुनर्गठन का निर्देश दिया गया। प्रत्येक संस्थान में एक शिक्षक या फैकल्टी सदस्य को ELC का Coordinator नामित करने को कहा गया। Coordinator क्लब की गतिविधियों, अभिलेख संधारण और पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

18 वर्ष पूरा करने वाले विद्यार्थियों पर विशेष फोकस
बैठक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। प्रधानाध्यापक एवं संस्थान प्रमुख अपने-अपने संस्थानों में पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें Form-6 भरने के लिए प्रेरित करेंगे तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
पोस्टर से नुक्कड़ नाटक तक होंगी गतिविधियां
ELC के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता से जोड़ने के लिए कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें Chromocracy-पोस्टर एवं इन्फोग्राफिक चैलेंज, Demos Theatre-लोकतंत्र पर नुक्कड़ नाटक, Jurisballot-मॉक इलेक्टोरल कोर्ट, Vox Populi-इलेक्टोरल डिबेट, Polis Protocol-इलेक्टोरल सॉल्यूशन लैब, ElectraQuest-इलेक्शन क्विज और CineVote60-वोटर अवेयरनेस रील प्रमुख हैं।
इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया समझने के साथ सवाल पूछने, चर्चा करने, तर्क रखने और समाधान तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही मतदाता जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थान होंगे सम्मानित
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण और ELC की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को जिला स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर कार्य करने वाले प्रधानाध्यापक या संस्थान प्रमुख को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में ELC की गतिविधियों का नियमित आयोजन, प्रत्येक कार्यक्रम का अभिलेख संधारण तथा फोटोग्राफ, वीडियो और प्रतिवेदन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ELC की गतिविधियां पूरी तरह गैर-राजनीतिक एवं निष्पक्ष रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन साक्षरता और जिम्मेदार नागरिक सहभागिता पर केंद्रित हों।
