शिक्षकों के जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय,कृष्णापुर के विश्वजीत कुमार सतपथी को मिला प्रथम पुरस्कार
Kharsawan
सरायकेला खरसावां जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गम्हरिया के तत्वावधान में सभी कोटि के शिक्षकों के लिए आयोजित जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृष्णापुर के स्नातक स्तरीय हिंदी शिक्षक विश्वजीत कुमार सतपथी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं एस.एन.वी प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्याम सुंदर महतो को द्वितीय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुंडादेव कुचाई के सहायक शिक्षक सुशांत कुमार महतो को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। डायट परिसर, गम्हरिया में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न,प्रशस्ति पत्र, डायरी, पेन व बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गत सितंबर -अक्टूबर 2025 में “आओ मिलकर ऐसा माहौल बनाएंँ ,बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आएँ “विषय पर 1500 से 2000 शब्दों में जिले के शिक्षकों से डायट,गम्हरिया के ईमेल आईडी पर टंकित निबंध आमंत्रित किए गए थे। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडली ने स्पष्टता, मौलिकता, उपादेयता, सृजनात्मकता व सौंदर्य बोध की कसौटी पर प्राप्त निबंधों का मूल्यांकन किया। श्रेष्ठ आठ प्रविष्टियों को पुरस्कार के योग्य पाया गया।

अन्य पांँच शिक्षकों में प्लस टू उच्च विद्यालय, खरसावां के विश्वरंजन त्रिपाठी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय नारायणडीह की किरण चौधरी, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, गौराङ्गकोचा की जोली महापात्र, केजीबीवी नीमडीह की ममता प्रमाणिक तथा केजीबीवी, टिकर की लाली कुमारी शामिल हैं। इन्हें भी प्रशस्ति पत्र आदि प्रदान कर इनकी लेखनी की सार्वजनिक सराहना की गई।
मंच संचालन करते हुए डायट के प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि यह निबंध प्रतियोगिता डायट के प्राचार्य- सह- जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा की एक मौलिक परिकल्पना थी। ऐसी प्रतियोगिताएंँ शिक्षकों के लेखन कौशल को एक मंच प्रदान करती हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में हमारी मौलिकता को सहेज कर रखना ही आज सबसे बड़ी चुनौती है। इस दौरान मुख्य रूप डॉक्टर मनीला, श्रवण कुमार, एल. लक्ष्मण राव,अनुभा कुमारी,सीमा कुमारी तथा भारी संख्या में शिक्षक मौजूद थे।
