जंगली हाथियों के हमले से प्रभावित ग्रामीणों को मिली राहत, विधायक जगत माझी ने वितरित किए क्षतिपूर्ति के चेक
Annadpur
आनंदपुर: पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर वन प्रक्षेत्र में जंगली हाथियों के उत्पात से प्रभावित हुए ग्रामीणों मिली है। बुधवार को चक्रधरपुर स्थित विधायक आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक जगत माझी के हाथों प्रभावित परिवारों के बीच क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया। हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के आश्रितों को 3.80 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। प्रभावितों को पूर्व में ही 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की जा चुकी थी।

वहीं जानमाल के नुकसान के साथ-साथ मकान और फसल क्षति के लिए भी प्रभावितों को मुआवजा दिया गया। आनंदपुर प्रखंड के 6 ग्रामीण संजय खलखो, जयवन जोजोवार, जीवनी उरांव, सिकंदर सुंडी, मनमसीह लुगुन व सलन लुगुन को यह सहायता मिली। विधायक जगत माझी ने कहा कि क्षेत्र में जंगली हाथियों द्वारा किया गया नुकसान अत्यंत दुखद है। उनके निर्देश पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी की, ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द आर्थिक संबल मिल सके। इस अवसर पर वनपाल देशमुख तियू, संतोष मरांडी, आनंदपुर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिल्बीरयुस तिर्की, सचिव राजू सिंह, संजीव गंताइत, आशीष गंताइत सहित वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
