गम्हरिया में “वात्सल्य बालिका गृह” का उद्घाटन, बालिकाओं को मिलेगा सुरक्षित आश्रय और समग्र देखभाल
Gamharia
गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया में मिशन वात्सल्य के तहत “वात्सल्य बालिका गृह” का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने केंद्र भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान केंद्र में रह रही बालिकाओं के बीच अंगवस्त्र एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियों से युक्त बैग का वितरण भी किया गया।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि इस बालिका गृह का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं को सुरक्षित, संवेदनशील और संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले में बालिका गृह नहीं होने के कारण बालिकाओं को अन्य जिलों में भेजना पड़ता था, जिससे समन्वय और सुविधाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयाँ आती थीं। अब जिले में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से बालिकाओं को सभी आवश्यक सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र को जल्द पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए तथा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन दिया जा सके।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव तौसीफ मिराज ने कहा कि उपायुक्त की पहल से जिले में इस केंद्र की स्थापना संभव हो सकी है। अब बालिकाओं को एक ही स्थान पर सुरक्षित आवास, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और कानूनी सहायता उपलब्ध होगी, जिससे उनके संरक्षण और देखभाल में काफी सुधार आएगा।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय ने केंद्र के संचालन, उद्देश्य और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, कोल्हान प्रमंडल के सभी DCPO, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, जनसहयोगी विकास केंद्र, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
