जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत जिले के 16 पंचायतों में पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविर आयोजित…*
*विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्राप्ति एवं चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया…*
Seraikella
जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 अंतर्गत पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान के तहत आज जिले के विभिन्न प्रखंडों के चिन्हित ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए।
आज आयोजित शिविरों के तहत सरायकेला प्रखंड अंतर्गत छोटादावना एवं नुवागांव पंचायत भवन, खरसावां प्रखंड अंतर्गत दलाईकेला पंचायत भवन, कुचाई प्रखंड अंतर्गत अरुवां पंचायत भवन, राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर, पोटका एवं बीजाडीह पंचायत भवन, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कालिकापुर, दुग्धा एवं बीरबांस पंचायत भवन, चांडिल प्रखंड अंतर्गत रूचाप, रसुनिया एवं घोड़ानेगी पंचायत भवन तथा ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत बांदु, गुड़ड़ी एवं मौरड़ा पंचायत भवन में शिविर आयोजित किए गए।

आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों से योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, दस्तावेज सत्यापन, पेंशन, राशन कार्ड, आधार, आवास, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।

उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, शिविरों में प्राप्त अधिक से अधिक मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन करने तथा शेष मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने देने, गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करने एवं प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पंचायतों में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
ज्ञात हो कि यह विशेष अभियान दिनांक 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTGs) तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।
