खरसावां के अभिजीत कबाड़ फैक्ट्री में चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
Kharsawan
खरसावां, 18 जून 2026: खरसावां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसावां की बुरूड़ीह स्थित एक बंद पड़े अभिजीत कबाड़ फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरणों के साथ भारी मात्रा में लोहे का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 जून की रात करीब 7:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना क्षेत्र के बुरूडीह गांव के समीप स्थित एक बंद अभिजीत फैक्ट्री में कुछ असामाजिक तत्व गैस कटर की मदद से लोहे की चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री परिसर को घेर लिया। पुलिस को देखते ही चोर भागने लगे, लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान फैक्ट्री परिसर से चोरी किया गया लोहे का सामान तथा गैस कटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।
बरामद सामान में शामिल हैं:
ऑक्सीजन सिलेंडर – 2
गैस सिलेंडर – 1
गैस रेगुलेटर – 4
गैस कटर पाइप – लगभग 35 फीट
स्लाई रॉड – 1
बड़ा नोजल – 5
छोटा नोजल – 3
अन्य कटिंग उपकरण एवं लोहे का स्क्रैप
गिरफ्तार आरोपियों में खरसावां के बुरूडीह के सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो, कोलबुरूडीह शिवचरण होनहागा, बुरूसाई के नाया सुंडी, खरसावां के बुरूडीह के मेघलाल बिरूली, अजय हेंब्रम तथा खरसावां के देवगीरीसाई भूरकुली राकेश सरदार शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ खरसावां थाना कांड संख्या 71/23 तथा शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अवदेश राय, बाबूलाल बारके, सरात सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
