उपायुक्त ने झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का किया निरीक्षण, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा…*
*विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, नियमित कंप्यूटर शिक्षा, स्वच्छता एवं पोषण व्यवस्था तथा स्वास्थ्य केंद्र में सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश…*
Kukdu
कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के द्वारा आज झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय, कुकड़ू का निरीक्षण कर विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था एवं छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, रसोईघर सहित अन्य सुविधाओं का स्थलीय अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर, कक्षाओं, रसोईघर एवं अन्य उपयोगी स्थलों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों एवं वार्डन को दिया गया।

उपायुक्त ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुरूप सभी कक्षाओं की छात्राओं को नियमित रूप से कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। कंप्यूटर शिक्षा को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए छात्राओं को व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करने पर जोर दिया गया। विद्यालय में खराब पड़े स्मार्ट क्लास को यथाशीघ्र प्रारंभ कराने तथा अनुपलब्ध सामग्री एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके अध्ययन, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षा से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को अध्ययन के प्रति निरंतर रुचि बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
*रोस्टर के अनुरूप छात्राओं को भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण सुनिश्चित करने का निर्देश…*
उपायुक्त ने विद्यालय के रसोईघर एवं भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुरूप छात्राओं को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने एवं परोसने के दौरान स्वच्छता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखने का निर्देश वार्डन को दिया गया।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, व्यवहारिक ज्ञान एवं दैनिक जीवन से जुड़े आवश्यक कौशल की जानकारी भी दी जाए। ‘खेल-खेल में शिक्षा’ की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए छात्राओं की रुचि एवं सहभागिता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं में शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं व्यवहारिक कौशल विकसित करने के लिए खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं एवं संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आवश्यक सुविधा, सामग्री या उपकरण की कमी अथवा खराबी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सुविधाओं के संचालन एवं उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी अथवा कर्मी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
*प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का निरीक्षण, आमजनों को सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश…*
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तिरुलडीह का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, दवा एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली तथा केंद्र के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले आमजनों को सुगम, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर एवं सभी कक्षों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ चिकित्सा कक्ष, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं अन्य उपयोगी स्थलों की नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सेवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन में लापरवाही, मरीजों को अनावश्यक परेशानी अथवा निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा आमजनों एवं छात्राओं को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करने का निर्देश दिया।
