SIR को लेकर डीसी ने कुकड़ू व तिरुलडीह में लिया जायजा, 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर लगेगा मेगा हेल्पडेस्क
पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और Home to Roll सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश, दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के घर जाकर दस्तावेज सत्यापन की होगी विशेष व्यवस्था
Ichagarh
सरायकेला। SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को गति देने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू एवं तिरुलडीह क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय कुकड़ू तथा पंचायत सचिवालय बेरासीसिरूम में संचालित फॉर्म-6 एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैंप का जायजा लेते हुए अधिकारियों व कर्मियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने BLO को घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से प्राप्त करने और उनका नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
Home to Roll सत्यापन पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने Home to Roll गतिविधि के तहत मतदाताओं के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि परिवार के पात्र सदस्यों के नाम संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी नागरिकों को देने का निर्देश दिया।
SIR के तहत 12 से 16 अक्टूबर तक दिव्यांग (PwD) और 70 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के घर जाकर BLO द्वारा दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों, अनाथ एवं निराश्रित व्यक्तियों तथा सेक्स वर्कर्स के लिए भी इसी अवधि में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों में ELC के जरिए युवाओं को किया जागरूक
झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू और राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में Electoral Literacy Club (ELC) के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा मतदाता के अधिकार और दायित्वों की जानकारी दी गई। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
दिव्यांग मतदाता के घर पहुंचे उपायुक्त
तिरुलडीह पंचायत के गुड़लीडीह गांव में उपायुक्त ने दिव्यांग मतदाता दामिनी देवी के घर पहुंचकर SIR सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ को उनकी जरूरत के अनुसार बैसाखी अथवा ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से इसका लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, बीडीओ कुकड़ू राजश्री बाखला, सीओ अभय कुमार द्विवेदी समेत बीएलओ, सुपरवाइजर एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
