अक्षय तृतीया पर श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा, रथ निर्माण कार्य शुरू
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर, सरायकेला परिसर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद पारंपरिक रीति के अनुसार रथ निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है।

कार्यक्रम की शुरुआत हवन और मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस दौरान यजमान के रूप में भक्ति कार्तिक परीक्षा शामिल हुए। पूजा संपन्न होने के उपरांत शुभ मुहूर्त में कारीगरों ने रथ निर्माण की प्रक्रिया शुरू की।
रथ निर्माण का कार्य कोणार्क से आए मुख्य कारीगर प्रकाश चंद्र ओझा के नेतृत्व में किया जा रहा है। वे पारंपरिक शैली में भगवान जगन्नाथ के रथ का निर्माण करेंगे, जो आगामी रथ यात्रा के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुरी की परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया से ही रथ निर्माण कार्य शुरू किया जाता है, जिससे तैयारियां विधिवत प्रारंभ हो जाती हैं।
इस अवसर पर शंकर सतपति, ब्रह्मदेव महापात्र, सानू आचार्य, लिपू महंती, प्रशांत महापात्र सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
