ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता : जगत माझी-सोनुवा के पुनीपदा गांव में ग्रामीणों के साथ विधायक ने की बैठक, समस्याओं से हुए अवगत
Sonuva
सोनुवा : सोनुवा प्रखंड के पुनीपदा गांव में बुधवार को मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक ने गांव के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पेयजल, सड़क की स्थिति, बिजली आपूर्ति और सरकारी योजनाओं के लाभ मिलने में हो रही देरी जैसे मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विधायक ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक रहकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं।

विधायक ने कहा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता है। विकास की कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। मौके पर विधायक ने गांव में खराब ट्रांसफार्मर के बदले लगाये गये दूसरे ट्रांसफार्मर का फीता काटकर उद्घाटन किया। बैठक में पुनीपदा के ग्राम मुंडा शंकर लाल प्रधान, सदन होनहागा, मांगता सुंडी, वीरन होनहागा के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रही।
