सरायकेला एसडीओ ने कुचाई कल्याण अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का दिया निर्देश,
Kuchai
सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कुचाई स्थित कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान सजमत रांची के द्वारा संचालित कुचाई कल्याण अस्पताल की कई व्यवस्थाओं में खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की उपस्थिति की जानकारी ली और उनके कक्षों का जायजा लिया। इस दौरान दो एमबीबीएस एवं आयुष चिकित्सक मौजूद पाए गए। जबकि शिशु रोग विशेषज्ञ अनुपस्थित मिले। वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर होने की जानकारी दी गई। अस्पताल में कुल 11 डॉक्टरों के कार्यरत होने की बात सामने आई। एसडीओ ने मरीजों के पंजीकरण प्रक्रिया की जांच करते हुए रजिस्टर में दर्ज विवरणों का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने जांच केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न जांच सुविधाओं और रिकॉर्ड का सत्यापन किया। दवाखाना के निरीक्षण के दौरान दवाईयों की पंजीयों के अद्यतन नहीं होने पर एसडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया। दवाओं के स्टॉक की समीक्षा में टिटनेस की दवा उपलब्ध पाई गई, जबकि एंटी-रेबीज दवा का अभाव सामने आया। ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। वहीं, अस्पताल में एलपीजी की सुविधा नहीं होने के कारण लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाए जाने की स्थिति भी सामने आई, जिस पर एसडीओ ने चिंता व्यक्त की और इसे जल्द सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध नहीं है और ईसीजी मशीन कार्यशील नहीं है, जबकि एक्स-रे और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है। एसडीओ अभिनव प्रकाश ने महिला एवं पुरुष वार्ड का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
