हुल दिवस पर निकली शोभायात्रा, सिद्धू-कान्हू को दी श्रद्धांजलि
Seraikella
सरायकेला। जिला मुख्यालय स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क में पारंपरिक हुल दिवस कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण एकता मंच की जिला शाखा द्वारा जिला अध्यक्ष जवाहर महाली के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिला-पुरुषों ने आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा संताल हूल आंदोलन के महानायक सिद्धू-कान्हू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि सिद्धू-कान्हू ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषण के विरुद्ध संघर्ष का जो संदेश दिया था, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक माहौल बना रहा।
