दुबिल माइंस के आंदोलनरत ग्रामीणों से मिली सांसद जोबा माझी, समाधान का दिया आश्वासन
-सांसद की पहल पर जल्द होगी प्रबंधक के साथ त्रिपक्षीय वार्ता
Manoharpur
मनोहरपुर: चिरिया अंतर्गत दुबिल माइंस में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से आंदोलनरत ग्रामीणों से मिलने रविवार को सांसद जोबा माझी पहुंची। यहां सांसद को ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और सहयोग की अपील की। सांसद जोबा माझी करीब एक घंटे तक ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी बातों को सुना। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा मांगो पर सहानुभूति पूर्वक विचार नहीं किया तो आंदोलन यूं ही जारी रहेगा।

सांसद के साथ वार्ता के दौरान सहमति बनी कि जल्द ही त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें सांसद के अलावा माइंस प्रबंधक और ग्रामीण उपस्थित रहेंगे। त्रिपक्षीय वार्ता के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। मालूम हो कि दुबिल के ग्रामीण दुबिल गांव के स्थानीय बेरोजगारों को दुबिल माइंस में रोजगार में प्राथमिकता देने, दुबिल गांव के 200 युवक-युवतियों को दुबिल माइंस में रोजगार देने, दुबिल गांव के माइंस से प्रभावित बंजर जमीन का मुआवजा खतियान के आधार पर देने और दुबिल गांव में कुल 8 चापाकलों में सौर ऊर्जा द्वारा जलमीनार स्थापित करने की प्रमुख मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से आंदोलन कर रहे है। माइंस के मुख्य गेट के सामने ग्रामीण तंबू गाड़कर बैठ गये है। जिससे माइंस में खनन समेत अन्य कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौके पर ग्राम मुंडा रामलाल चांपिया, दुलाल आइन्द, गुरा मुर्मू, निशा आईंद, सुनील हांसदा समेत काफी संख्या में आंदोलनरत ग्रामीण उपस्थित रहे।
