विधायक जगत माझी ने ‘जनता मिलन’ में सुनी जन-समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
Manoharpur
मनोहरपुर। बुधवार को मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में विधायक जगत माझी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम में आए ग्रामीणों ने क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट और अनियमित बिजली आपूर्ति की शिकायत की।

ग्रामीणों ने विधायक निधि के माध्यम से विभिन्न गांवों में नए नलकूप लगवाने का आग्रह किया। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तुरंत बीडीओ शक्तिकुंज और सीओ प्रदीप कुमार को बैठक में बुलाया। कई समस्याओं का अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही समाधान कराया गया। महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनता मिलन के पश्चात विधायक प्रखंड परिसर स्थित ‘पलाश दीदी कैफे’ पहुंचे। वहां उन्होंने जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा तैयार किया गया दोपहर का भोजन किया और उनके स्वरोजगार के प्रयासों की सराहना की। मौके पर विधायक जगत माझी ने कहा जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हमारी प्राथमिकता है। पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में झामुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
