सरायकेला के राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में प्रशिक्षण पुनः शुरू करने और रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर बैठक
Seraikella
सरायकेला के राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के पुनः संचालन, कलाकारों के प्रशिक्षण की शुरुआत तथा केंद्र में रिक्त पड़े प्रशिक्षकों के पदों पर नियुक्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सह कला केंद्र के सचिव अभिनव प्रकाश ने की।
बैठक में छऊ कला के संरक्षण, संवर्धन एवं कला केंद्र के सुचारू संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलाकारों ने केंद्र में नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था बहाल करने, नए कलाकारों को अवसर देने तथा रिक्त पदों पर योग्य प्रशिक्षकों की नियुक्ति की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में छऊ कलाकार उपस्थित रहे। कलाकारों ने कहा कि प्रशिक्षण बंद रहने से नई पीढ़ी के कलाकारों को सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। इसलिए जल्द से जल्द प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाना आवश्यक है।
बैठक में कला केंद्र के सफल संचालन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा छऊ कला के प्रचार-प्रसार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कलाकारों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
कलाकारों ने उम्मीद जताई कि बैठक में हुई चर्चा के बाद राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में जल्द ही प्रशिक्षण कार्य पुनः प्रारंभ होगा और रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र की समृद्ध छऊ परंपरा को नई मजबूती मिलेगी।
