खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा का सरायकेला-खरसावां में दो दिवसीय दौरा तय
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां: खूंटी लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद कालीचरण मुंडा का सरायकेला-खरसावां जिले का दो दिवसीय दौरा 7 और 8 अप्रैल 2026 को निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद 7 अप्रैल को जिले में पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 8 अप्रैल को सांसद श्री मुंडा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी।
इसके पश्चात सांसद सर्किट हाउस में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही प्रखंड कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर भी मंथन होगा। सांसद द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास, जनकल्याण और संगठनात्मक मजबूती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
इस दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों में उत्साह देखा जा रहा है। सांसद के दौरे से जिले में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
