भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा-2025 में खरसावां के कृष्णापुर विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, कई छात्र सम्मानित,
Kharsawan
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा-2025 के अंतर्गत सरायकेला स्थित अग्रसेन ठाकुरबाड़ी भवन (धर्मशाला) में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रखंड एवं जिला स्तर पर कक्षावार शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सांस्कृतिक क्षरण एक गंभीर चुनौती है, ऐसे में छात्रों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर रखना राष्ट्र सेवा के समान है। उन्होंने इस दिशा में आयोजक संस्था के प्रयासों की सराहना की।

अखिल भारतीय गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षा में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृष्णापुर, खरसावां के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वर्ग पंचम से दशम तक कुल 123 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से लगभग 20 प्रतिभागियों ने 81 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान बनाया।
विद्यालय के संस्कृति ज्ञान परीक्षा संयोजक विश्वजीत कुमार सतपथी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मानित छात्र-छात्राएं इस प्रकार हैं:
राजा प्रधान (वर्ग 7) – जिला स्तर पर तृतीय स्थान
रोशन हेंब्रम (वर्ग 7) – प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान
नंदा महतो (वर्ग 8) – प्रखंड स्तर पर द्वितीय स्थान
मौसमी महतो (वर्ग 9) – प्रखंड स्तर पर द्वितीय स्थान
पूजा मेलगांडी (वर्ग 9) – प्रखंड स्तर पर तृतीय स्थान
दीपिका महतो (वर्ग 10) – प्रखंड स्तर पर तृतीय स्थान
सभी विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, मेडल, अंगवस्त्र तथा गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सत्साहित्य प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल देखा गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक त्रिलोचन महतो, राज्य समन्वयक ताराचंद अग्रवाल, शंभू अग्रवाल, अजीत प्रधान सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
