खरसावां-कुचाई के बाजारों में धनतेरस पर हुई धनवर्षा,
जमकर हुई खरीदारी, बाइक और सोने-चांदी के आभूषणों की रही
खास मांग, बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर उमड़ी भीड़,
Kharsawan
खरसावां-कुचाई में दीपावली से ठीक पहले धनतेरस के पावन अवसर पर के बाजारों में रौनक छाई रही। धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई और लोगों ने परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी की। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जबकि दोपहर बाद खरीदारी ने जोर पकड़ लिया। देर शाम तक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर विशेष चहल-पहल देखने को मिली। धनतेरस को लेकर खरसावां के मुख्य बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हर कोई इस शुभ अवसर पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ न कुछ नया खरीदना चाहता था। महिलाओं ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी की। आभूषण दुकानों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ बनी रही। चांदी के सिक्कों की मांग विशेष रूप से देखने को मिली।
बाइक शोरूम में उमड़ी खरीदारों की भीड़
वाहनों की खरीदारी को लेकर भी लोगों में खास उत्साह रहा। खरसावां स्थित हीरो, टीवीएस और होंडा के शोरूम में सुबह से ही बाइक खरीदने वालों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। कई लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर नई बाइक की खरीदारी कर अपने घर ले गए। कई घरों में नई गाड़ियों के पहुंचने से परिवारों में त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं। इसके अलावा लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की भी खरीदारी की।
बर्तन दुकानों पर रही सबसे अधिक चहल-पहल
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा को देखते हुए बर्तन दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने स्टील, पीतल और अन्य धातुओं के बर्तन खरीदे। रसोई से जुड़े घरेलू सामानों की भी अच्छी बिक्री हुई। हालांकि महंगाई के कारण कई ग्राहक खरीदारी के दौरान कीमतों को लेकर मोलभाव करते नजर आए, लेकिन त्योहार के उत्साह में इसका खास असर नहीं दिखा। लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी की।
दीपावली की तैयारी में जुटे लोग, मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग
धनतेरस की खरीदारी के साथ ही लोगों ने दीपावली में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री और सजावट के सामान की भी खरीदारी की। बाजार में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, फूल-मालाओं, सजावटी सामान और दीपावली से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानें सजी रहीं। मिट्टी के दीयों की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखने को मिली। इस बार मिट्टी के दीयों की खरीदारी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक नजर आई। बच्चों ने मिट्टी के खिलौनों की खरीदारी कर त्योहार की खुशियों में रंग भरा। धनतेरस के अवसर पर खरीदारी के बाद कई घरों में दीपावली की तैयारियां शुरू हो गईं। लोगों ने अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट के साथ रोशनी करना शुरू कर दिया। परंपरा के अनुसार घरों के बाहर दीप जलाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। कुल मिलाकर धनतेरस पर खरसावां-कुचाई के बाजारों में देर शाम तक रौनक बनी रही और लोगों ने उत्साह एवं उमंग के साथ पर्व का आनंद लिया।
November 7, 2026 12: 24 am
Breaking
- खरसावां-कुचाई के बाजारों में धनतेरस पर हुई धनवर्षा, जमकर हुई खरीदारी, बाइक और सोने-चांदी के आभूषणों की रही खास मांग, बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर उमड़ी भीड़,
- 21-22 नवंबर को होगा राज्यस्तरीय मिनी ग्रामीण चर्चा, खरसावां में तैयारी पर अपना अधिकार संगठन की बैठक,
- खरसावां के अशोका स्कूल में ‘ऑयल वॉररू फ्यूल ऑर वेपन’ पर सेमिनार, सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, प्रदर्शनी और सेमिनार के विजेताओं को मिला पुरस्कार
- सरायकेला के महालिमोरूप में काली पूजा की तैयारी जोरों पर, झूमर संगीत से सजेगी सांस्कृतिक संध्या, 11 नवंबर को कोची कदम झूमर अखड़ा के कलाकार बिखेरेंगे लोकसंगीत का जलवा
- प्रधानमंत्री ने माताजी का हालचाल पूछकर भावुक कर दिया : अर्जुन मुंडा* *पैरा-खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में प्रधानमंत्री की आत्मीयता के लिए जताया आभार; भारतीय तीरंदाजों की ऐतिहासिक उपलब्धि को सराहा*
- 14 साल बाद भी नहीं मिला सेवानिवृत्ति का बकाया, अब सरकारी आवास खाली करने का फरमान, आर्थिक तंगी से जूझ रहे सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुरेंद्र गोस्वामी ने एसडीओ से लगायी गुहार,
- कुचाई के सुदूरवर्ती पांच गांवों में जली विकास की रोशनी, 18 सोलर लाइटें लगाई गईं, सामाजिक संगठन के संयुक्त प्रयास से सुदूरवर्ती गांवों को मिली सौगात, ग्रामीणों ने जताई खुशी,
- खरसावां हाट में दीपावली की खरीदारी को लेकर उमड़ी भीड़, बाजार में दिखी रौनक, मिट्टी के दीपक, रेडिमेड कपड़े, रंग-रोगन और गृह सज्जा की दुकानों पर लगी भीड़, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
